किदवईनगर विधायक महेश त्रिवेदी के घर रविवार को डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के आगमन के दौरान पीएसी के ट्रक की टक्कर से लोहे का स्वागत गेट सुरक्षा पर लगे दो पुलिसकर्मियों पर भरभराकर गिर गया। हादसे में ट्रैफिक सिपाही शशिकांत व एक पीएसी जवान घायल हो गए। विधायक महेश त्रिवेदी के बेटे शिवम और बहू सोनम को आशीर्वाद देने डिप्टी सीएम किदवईनगर स्थित उनके आवास पहुंचने वाले थे।
स्वागत के लिए संजय वन गेट के पास लोहे का गेट लगाया गया था जहां ट्रैफिक सिपाही शशिकांत ड्यूटी पर तैनात थे। इस दौरान सुरक्षा में पीएसी के जवान भी लगाए गए थे जिन्हें छोड़ने ट्रक आया था। दोपहर को जवानों को उतारने के बाद ट्रक वापस संजय वन गेट की ओर लौट रहा था तभी हादसा हो गया। किदवईनगर थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार राम ने बताया कि ट्रक की टक्कर से गेट गिरने से दो लोग घायल हुए थे जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।