शीतलहर और बर्फीली हवाओं का सिलासिला रहेगा जारी
धूप के बीच शीतलहर और बर्फीली हवाओं का यह सिलसिला अगले एक सप्ताह तक जारी रहने की संभावना है। सीएसए के मौसम विभाग प्रमुख डॉ. एसएन पांडेय के अनुसार धूप के बावजूद दिन के तापमान में गिरावट की वजह प्रदेश से सटे पर्वतीय राज्यों में बर्फबारी का होना है।
रात के समय सिर जरूर ढके और गरम कपड़े पहनें
वहां से आने वाली बर्फीर्ली हवाएं मैदानी क्षेत्रों में कहर बरपा रही हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि ऐसे मौसम में बचकर रहने की आवश्यकता है। रात के समय सिर जरूर ढके और गरम कपड़े पहनें। इस बीच हवा में नमी की मात्रा दिन में 94 प्रतिशत और रात में 77 प्रतिशत रही। रात में नमी में 11 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।
वंदे भारत, तेजस समेत 30 ट्रेनें लेट, 1200 ने लौटाए टिकट
कोहरे की वजह से ट्रेनों की लेटलतीफी बढ़ गई है। गुरुवार को वंदे भारत, तेजस समेत 30 ट्रेनें लेट रहीं। 1200 लोगों ने टिकट रद्द कर दिए। 15066 पनवेल गोरखपुर एक्सप्रेस 9:30 घंटे देरी से आई। 12566 बिहार संपर्क क्रांति छह घंटे लेट रही, 12302 हावड़ा राजधानी तीन घंटे देरी से आई।
कोहरे की वजह से ट्रेनों की लेटलतीफी जारी
लखनऊ चारबाग स्टेशन से दोपहर 4:25 आने वाली ट्रेन कानपुर सेंट्रल पर तीन घंटे देरी से आई। 22435 वाराणसी नई दिल्ली वंदे भारत 34 मिनट और 22436 नई दिल्ली वाराणसी वंदे भारत 48 मिनट देरी से कानपुर सेंट्रल आई। 82502 तेजस एक्सप्रेस नई दिल्ली से गुरुवार को करीब डेढ़ घंटे देरी से चलकर ढाई घंटे देरी से आई। 12004 स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस नई दिल्ली से चलकर कानपुर सेंट्रल करीब दो घंटे की देर से आई। वहीं 12033 व 12034 शताब्दी निरस्त रही। 12451 श्रमशक्ति एक्सप्रेस बुधवार देर रात कानपुर सेंट्रल से चलकर नई दिल्ली डेढ़ घंटे की देरी से आई। 12452 श्रम शक्ति एक्सप्रेस नई दिल्ली से सोमवार देर रात को चलकर साढ़े चार घंटे देरी से गुरुवार सुबह 10:43 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंची।