मानसून की विदाई का दौर शुरू
सीएसए के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार, सुबह और दोपहर के समय नमी में कमी आने से धूप का असर तेज हुआ है। उन्होंने बताया कि अब मानसून की विदाई का दौर शुरू हो रहा है, जिससे पूरे दिन भारी बारिश जैसी स्थिति नहीं रहेगी।
गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है
हालांकि, दोपहर बाद स्थानीय स्तर पर बादल विकसित होने से कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, कानपुर में इस मानसूनी सीजन में रिकॉर्ड तोड़ बारिश दर्ज की गई है। एक जून से अब तक शहर में कुल 1094.3 मिमी बारिश हुई है।
सीजन में 77 प्रतिशत अधिक हुई बारिश
सामान्य औसत (618.7 मिमी) से करीब 77 प्रतिशत अधिक है। विशेषज्ञों का कहना है कि शहर में एक लंबे अरसे के बाद इतनी अधिक बारिश देखने को मिली है। फिलहाल अब भारी बारिश की संभावना न के बराबर है और आने वाले दिनों में मुख्य रूप से आसमान साफ रहने व धूप खिले रहने का अनुमान है।