हमीरपुर में डबल डेकर बसों पर एआरटीओ की बड़ी कार्रवाई
- फोटो : amar ujala
नोएडा में स्लीपर डबल डेकर बस में हुए भीषण अग्निकांड के बाद हमीरपुर जिले में परिवहन विभाग पूरी तरह हरकत में आ गया है। शासन के निर्देश पर बसों के सुरक्षा मानकों और फिटनेस को लेकर ताबड़तोड़ चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित बस स्टैंड रोड पर एआरटीओ ने लांग रूट पर संचालित हो रही तीन स्लीपर डबल डेकर बसों के खिलाफ सीज की कार्रवाई की है।
एआरटीओ की जांच के दौरान काव्य बस सर्विस और विश्वनाथ बस सर्विस समेत तीन डबल डेकर बसें सुरक्षा मानकों में पूरी तरह फेल पाई गईं। आपातकालीन खिड़कियों, अग्निशमन यंत्रों और फिटनेस से जुड़े जरूरी दस्तावेजों में भारी अनियमितता मिलने पर अधिकारियों ने तीनों बसों को मौके पर ही सीज कर दिया। इसके साथ ही नियम उल्लंघन पर प्रति बस करीब 40 से 50 हजार रुपये का भारी-भरकम चालान भी काटा गया।