नाजुक अंग को भीतर तक चोट पहुंचाने की पुष्टि
रात को ऑटोप्सी रिपोर्ट आई तो पुलिस के भी कान खड़े हो गए। उसमें महिला के प्राइवेट पार्ट में हार्ड ब्लंट ऑब्जेक्ट या हाथ से नाजुक अंग को भीतर तक चोट पहुंचाने की पुष्टि हुई। इसके बाद गुरुवार को पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए रावतपुर के राणाप्रताप नगर निवासी कुलदीप यादव उर्फ अर्जुन को जेल भेज दिया।
तीनों की भूमिका क्या रही है, उसी आधार पर कार्रवाई
वह मूलरूप से बिल्हौर के बहरामपुर का रहने वाला है। वहीं पुलिस ने अर्जुन के भाई रिंकू, साथी चिंटू और रोहित को हिरासत में ले रखा है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक घटना में इन तीनों की भूमिका क्या रही है, उसी आधार पर आरोपी बनाकर जेल भेजा जाएगा। गहनता से जांच की जा रही है।
मुंह पकड़कर दीवार से लड़ाया सिर
प्राइवेट पार्ट में हार्ड ब्लंट ऑब्जेक्ट के बारे में जब पुलिस ने डॉक्टरों से बात की, तो उन्होंने आशंका जताई कि यह हाथ भी हो सकता है। इसके अलावा महिला के सिर के पीछे 10 बाय 6 इंच का घाव मिला। इस पर डॉक्टरों ने आशंका जताई है कि मृतका का मुंह पकड़कर उसे दीवार में लड़ाया गया होगा।
सामूहिक दुष्कर्म के बिंदु पर भी जांच
एडीसीपी सेंट्रल आरती सिंह ने बताया कि घटना जब हुई तो पहले चिंटू और अर्जुन महिला के कमरे में थे। जब परिवार वालों ने मौके पर पहुंचकर शोर मचाकर दरवाजा खुलवाया, तो केवल अर्जुन ही मिला। ऐसे में सामूहिक दुष्कर्म के बिंदु पर भी जांच की जा रही है।
चारों के हाथों से लिया सैंपल
पुलिस ने अर्जुन, रिंकू, चिंटू और रोहित के हाथों से स्वॉब लिया है। इसके लिए उनके हाथों को एक केमिकल के पानी से धुलवाया गया और हाथों से गिरने वाले लिक्विड को चार अलग-अलग जार में भरा गया। इसे फोरेंसिक लैब भेजा जाएगा। इसकी जांच महिला के ब्लड से कराई जाएगी। पुलिस के मुताबिक अगर उनके हाथों वाले सैंपल में खून होने की पुष्टि होती है तो यह स्पष्ट हो जाएगा कि ये भी मौके पर थे।
शादी की जिद भी हो सकती है वजह
पुलिस का मानना है कि यह भी हो सकता है कि आरोपी कुलदीप उर्फ अर्जुन महिला से शादी का दबाव बना रही हो। या आरोपी किसी और से शादी करना चाहता हो और महिला विरोध करती हो। जेसीपी आनंद प्रकाश तिवारी का कहना है कि हत्या की असल वजह पता लगाने के लिए आरोपी को रिमांड पर लिया जाएगा। जरूरत पड़ी तो ब्रैन मैपिंग टेस्ट, साइकोलॉजिकल टेस्ट भी कराया जाएगा।
मुख्य आरोपी को जेल भेजा गया है। उसके तीन और साथी हिरासत में हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है। अगर किसी और की भी भूमिका निकलती है तो गैंगरेप की धारा बढ़ाकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। -आरती सिंह, एडीसीपी सेंट्रल