नर्वल के प्रतापपुर गांव में बेटे का गला कस कर हत्या करने वाली पत्थर दिल मां को देखने सैकड़ों ग्रामीण सोमवार सुबह नर्वल थाने पहुंचे। महिला के साथ ही उसके प्रेमी विकास यादव को भी गिरफ्तार करने की मांग को लेकर थाने का घेराव कर हंगामा किया। जब पुलिस आरोपी महिला को सरकारी जीप में बैठाकर कोर्ट ले जाने लगी तो परिजन पुलिस जीप के आगे लेट गए। इस बीच पोस्टमाॅर्टम के बाद गांव पहुंचे मासूम के शव को थाने में रखकर ग्रामीण प्रेमी की गिरफ्तार की मांग पर अड़ गए।
रविवार को बेटे अनिरुद्ध की हत्या करने के मामले में पुलिस ने मां मनीषा को रविवार रात गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस की पूछताछ में उसने बेटे की गला दबाकर हत्या करने की बात भी कबूल ली थी। मनीषा का गांव के ही विकास यादव से प्रेम संबंध होने की बात सामने आने के बाद परिजन और ग्रामीणों ने उसकी भी गिरफ्तारी की मांग की। इस पर एसीपी चकेरी ने उन्हें समझाया और कड़ी कार्यवाही का आश्वासन दिया तब जाकर परिजन माने। इस बीच दोपहर करीब तीन बजे मासूम अनिरुद्ध का शव गांव पहुंचा, तो परिजन फिर से आक्रोशित हो गए।
थाने के अंदर ही शव को रखकर बोले कि जब तक आरोपी पकड़ा नहीं जाएगा, तब तक शव नहीं उठाएंगे। वे लोग शव को छोड़कर थाने से बाहर जाने लगे। इस पर एसीपी चकेरी ने परिजनों से बात कर उन्हें समझाया कि मनीषा के प्रेमी पर भी रिपोर्ट दर्ज की गई है। उसको पकड़ने के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके बाद परिजन ग्रामीणों संग बच्चे का शव लेकर प्रतापपुर गांव पहुंचे और शव को महाराजपुर के नजफगढ़ घाट ले जाकर दफनाया।