कानपुर के काकादेव डबल पुलिया पर चेकिंग के दौरान ट्रैफिक हेड कांस्टेबल और होमगार्ड से मारपीट कर वर्दी फाड़ने का वीडियो गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद अधिकारियों ने थाना प्रभारी को कार्रवाई के आदेश दिए हैं। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है।
हेड कांस्टेबल गिरिराज सिंह साथी होमगार्ड के साथ रविवार शाम डबल पुलिया पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इस बीच खुद को भाजपा नेता बताने वाले कपड़ा कारोबारी शास्त्रीनगर निवासी महेंद्र तिवारी नशे में धुत वहां पहुंचा। हेड कांस्टेबल ने जाने को कहा तो गालीगलौज करने लगा। विरोध पर महेंद्र ने अपने साथियों को फोन कर बुलाया और दोनों से मारपीट की।
इस दौरान किसी ने मारपीट की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। हेडकांस्टेबल ने भाजपा नेता व उसके साथियों पर काकादेव थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। थाना प्रभारी कुंज बिहारी मिश्रा ने बताया कि मौके पर महेंद्र की बाइक मिली थी। एक अन्य वाहन का नंबर मिला है। इसके आधार पर तलाश की जा रही है।