अपेक्षित परिणाम नहीं दे सका अभियान
इससे अभियान की तैयारियों और गांवों में रोजगार उपलब्ध कराने के दावों पर सवाल खड़े हो गए हैं। कई ग्राम पंचायतों में 50 से 70 श्रमिकों के जॉब कार्ड सक्रिय होने के बावजूद काम पर महज एक मजदूर पहुंचा। प्रत्येक ग्राम पंचायत में औसतन 50 श्रमिकों को रोजगार देने का लक्ष्य था लेकिन कई जगह काम शुरू होने के बावजूद यह आंकड़ा हासिल नहीं हो सका। कहीं श्रमिक नहीं पहुंचे तो कहीं पोर्टल की गड़बड़ी के कारण उनकी हाजिरी ही दर्ज नहीं हो पाई। वीबीजी-रामजी पोर्टल पर अधिकांश कार्य पौधरोपण, सड़क निर्माण और पोषण वाटिका से संबंधित दर्ज किए गए। यानी गांवों में काम के प्रस्ताव और गतिविधियां मौजूद थीं, लेकिन श्रमिकों को रोजगार देने के मामले में अभियान अपेक्षित परिणाम नहीं दे सका।
48,740 के जॉब कार्ड सक्रिय, फिर भी 29,500 को काम का लक्ष्य अधूरा
जिले की सभी 590 ग्राम पंचायतों में विशेष रोजगार दिवस मनाने की तैयारी पहले से की गई थी इसके लिए खंड विकास अधिकारियों से लेकर ग्राम सचिवों को निर्देश दिए गए थे। इसके बाद भी 195 पंचायतों में एक भी श्रमिक के काम पर नहीं पहुंचने की पोल खुली। दूसरी ओर, जहां काम शुरू हुआ, वहां भी लक्ष्य के मुताबिक श्रमिकों को रोजगार नहीं मिल सका। जिले में 48,740 मजदूरों के जॉब कार्ड सक्रिय हैं। इसके बावजूद विशेष अभियान में 29,500 श्रमिकों को काम देने का लक्ष्य पूरा नहीं हो पाया।
ठप हुआ वीबीजी पोर्टल, दूसरे पोर्टल से भी बढ़ी परेशानी
ब्लॉक के अधिकारियों ने बताया कि कम हाजिरी दर्ज होने की एक बड़ा कारण वीबी-जी रामजी पोर्टल का ठीक से काम नहीं करना रहा। सुबह थोड़ी देर चलने के बाद पोर्टल ठप हो गया यह समस्या प्रदेश के अन्य जिलों में भी सामने आई। इसके बाद शासन स्तर से जनग्राम नाम का दूसरा पोर्टल जारी किया गया लेकिन नया पोर्टल होने के कारण कई कर्मचारी इसे ठीक से संचालित नहीं कर सके। अलग-अलग पोर्टल पर हाजिरी दर्ज करने की प्रक्रिया के चलते कई ग्राम पंचायतों के श्रमिकों की उपस्थिति अपडेट नहीं हो पाई। ऐसे में वास्तविक रूप से काम पर पहुंचे श्रमिकों और पोर्टल पर दर्ज आंकड़ों के बीच अंतर की आशंका भी बनी हुई है।
केस वन- मजदूर 121, हाजिरी सिर्फ आठ की
कल्याणपुर ब्लाक के बग्दौधी बांगर ग्राम पंचायत में 121 मनरेगा मजदूरों के कार्ड एक्टिव हैं। इसमें से सिर्फ 8 मजदूरों की वीबीजी रामजी पोर्टल पर हाजिरी लगी। ये सभी मजदूर पोषण वाटिका के काम पर लगाए गए थे।
केस दो- 70 में एक मजदूर की ही हाजिरी
घाटमपुर ब्लाक के टिकवापुर ग्राम पंचायत में 70 मजदूरों के कार्ड एक्टिव हैं। लेकिन पोर्टल पर हाजिरी सिर्फ एक ही मजदूर की अपडेट है। ये मजदूर अमृत सरोवर में पौधरोपण में लगाया गया था।
एक नजर ग्राम पंचायत और मजदूरों की हाजिरी पर
ब्लॉक ग्रा.पं संख्या मजदूर
भीतरगांव 49 349
बिल्हौर 43 483
चौबेपुर 13 62
घाटमपुर 85 736
ककवन 22 470
कल्याणपुर 49 237
पतारा 51 560
सरसौल 24 122
शिवराजपुर 24 236
बिधनू 35 458
ज्यादा से ज्यादा श्रमिकों को रोजगार देने का काम किया गया है। वीबीजी-रामजी पोर्टल में तकनीकी खराबी से दूसरे पोर्टल पर हाजिरी लगाई गई है जिसे पोर्टल पर अपडेट किया जा रहा है। जिले में करीब 20 हजार मजदूरों को रोजगार मिला है। -आलोक कुमार, प्रभारी उपायुक्त मनरेगा