प्रयापराज स्टेशन पर चल रहे नॉन इंटर लॉकिंग कार्य की वजह से रविवार को भी ट्रेनों की लेटलतीफी बनी रही। कानपुर-हावड़ा रूट की सेंट्रल से होकर आने-जाने वाली 32 से अधिक ट्रेनें कई घंटे की देरी से आईं। इसमें 22415 वाराणसी नई दिल्ली वंदेभारत 10 घंटे, 22436 नई दिल्ली वाराणसी वंदेभारत साढ़े सात घंटे, 04152 मुंबई एलटीटी कानपुर स्पेशल 11.30 घंटे लेट रहीं। इस कारण 1500 से अधिक यात्रियों ने टिकट लौटाए, जबकि 90 को कनेक्टिंग आरक्षण होने की वजह से दूसरी ट्रेनों में सफर करने का मौका दिया गया।
विज्ञापन
कानपुर हावड़ा रूट अत्याधिक व्यस्त रूटों में से एक है। इस रूट आने वाले प्रयागराज स्टेशन पर 18 से 21 अक्टूबर तक नॉन इंटरलॉकिंग कार्य कराए जा रहे हैं, जिससे ट्रेनों का आवागमन बंद है। इस वजह से वाराणसी से चलने वाली वंदेभारत और दूसरी ट्रेनें प्रतापगढ़, अमेठी, रायबरेली, लखनऊ होकर कानपुर सेंट्रल स्टेशन आ रही हैं।
इसी तरह नई दिल्ली से प्रयागराज जाने वाली ट्रेनों को वाया कानपुर होकर लखनऊ रूट से भेजा जा रहा है। ट्रेनों की लेटलतीफी से सेंट्रल स्टेशन पर यात्री परेशान रहे। ऑनलाइन एप के अलावा ट्रेनों की सही स्थिति जानने के लिए पूछताछ केंद्र पर जानकारी जुटाई।
विज्ञापन
मालगाड़ियां भी हो रही संचालित
कानपुर में डीएफसी की अलग लाइन है, जिससे मालगाड़ियां बिना सेंट्रल आए डीएफसी तक पहुंचती हैं। वहीं लखनऊ रूट पर मालगाड़ियां भी संचालित हैं। इसका असर ट्रेनों की समय सीमा पर पड़ रहा है। एसीएम रेलवे संतोष कुमार त्रिपाठी ने बताया कि सोमवार तक प्रयागराज में ब्लॉक रहेगा।