कानपुर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते इस्तेमाल के बीच छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) का पत्रकारिता विभाग भी खुद को नई तकनीक के अनुरूप तैयार कर रहा है। विभाग में सत्र 2027-28 से नए पाठ्यक्रम शुरू करने की तैयारी है। इसके तहत कंटेंट क्रिएशन थ्रू एआई विषय पर सर्टिफिकेट कोर्स प्रस्तावित किया गया है। इसके जरिये विद्यार्थियों को एआई की मदद से डिजिटल कंटेंट तैयार करने और मीडिया के बदलते स्वरूप की जानकारी दी जाएगी।
वहीं, विभाग को चार मंजिला नया भवन भी मिला है, जहां आधुनिक पत्रकारिता की पढ़ाई के साथ प्रायोगिक प्रशिक्षण की सुविधाएं विकसित की जाएंगी। नए भवन में 30 से अधिक कमरे होंगे। यहां कंप्यूटर लैब, ऑडियो-विजुअल लैब और मल्टीमीडिया लैब बनाई जाएगी। इनके माध्यम से विद्यार्थियों को डिजिटल पत्रकारिता, वीडियो संपादन, कंटेंट निर्माण और संचार के विभिन्न माध्यमों की तकनीकी जानकारी दी जाएगी। एआई आधारित सर्टिफिकेट कोर्स भी इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।