हैलट इमरजेंसी में खाली पड़े बेड
- फोटो : amar ujala
कानपुर हैलट में कोरोना से दो और पुरानी मौतें मिली हैं। अस्पताल में इन रोगियों की मौत कब हुई? यह ब्योरा तो नहीं दिया गया है लेकिन इन मौतों को 24 जुलाई के खाते में दर्ज कर लिया गया। कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 1904 पहुंच गया है। इसके अलावा कोरोना के तीन नए संक्रमित पनकी, जनरलगंज और जूही में मिले हैं। शहर में 16 एक्टिव केस हैं।
हैलट में एक रोगी और होम आइसोलेशन में तीन रोगी इलाज से ठीक हो गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने कोरोना 7233 लोगों की सैंपलिंग की। 128 सैंपल विशेष सर्वेलांस अभियान और 7105 सैंपल रूटीन में लिए गए।
कोरोना वैक्सीन की 20 हजार डोज मिलीं
स्वास्थ्य विभाग को कोरोना वैक्सीन कोविशील्ड की 20 हजार डोज और मिल गई हैं। सीएमओ डॉ. नेपाल सिंह ने बताया कि रविवार को वैक्सीनेशन नहीं होगा। सोमवार से तय केंद्रों पर वैक्सीनेशन होगा। वैक्सीन मिल जाने से ब्लॉकों में क्लस्टरवार कवरेज जारी रहेगा।
कानपुर नर्सिंगहोम एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. एमके सरावगी ने बताया कि एक सप्ताह के अंदर निजी अस्पतालों में रूसी वैक्सीन स्पूतनिक आ सकती है। कंपनी ने इस संबंध में संकेत दिए हैं। 27 जुलाई को स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।