Kanpur News: एमबीए की फर्जी डिग्री थमा दो लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। डीसीपी के आदेश पर किदवईनगर पुलिस ने जालसाज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
किदवईनगर थानाक्षेत्र के साकेतनगर में रहकर एक फाइनेंस कंपनी में काम करने वाली युवती से एक युवक व उसके साथियों ने एमबीए कराने के नाम पर 2 लाख रुपये ठग लिए। इसके बाद उसे फर्जी मार्कशीट थमा दी। जानकारी होने पर पीड़िता ने रुपये मांगे तो आरोपियों ने धमकाया। इसके बाद पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विज्ञापन
मूलरूप से कुशीनगर के माधोपुर निवासी सौम्या आनंद साकेत नगर में किराए पर रहकर एक फाइनेंस कंपनी में काम करती है। सौम्या ने बताया कि नौकरी के दौरान उसकी मुलाकात वाराणसी के मिर्जामुराद निवासी भानु प्रताप सिंह से हुई। बातचीत के दौरान उसने बताया कि वह शिक्षा विभाग से जुड़े कार्य कराता है। एमबीए भी करा सकता है, कॉलेज नहीं जाना होगा। झांसे में आकर उसने भानु व उसके साथियों संदीप सेठ, सत्यम सिंह के खातों में 2 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद संपर्क खत्म कर दिया। जोर देने पर भानु ने 29 अक्तूबर 2023 को एमबीए की डिग्री दे दी। इंटरनेट में चेक करने के बाद लखनऊ जाकर पता किया तो डिग्री फर्जी निकली। रुपये मांगने पर गाली गलौज कर धमकाने लगे। एडीसीपी महेश कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।