बिठूर थाना क्षेत्र में मंधना गंगाबैराज हाईवे पर रविवार दोपहर स्कूली मिनी बस ने यू टर्न ले रहे बाइक सवार को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक चला रहे मेट्रो के गार्ड और पीछे बैठी निजी अस्पताल में महिला गार्ड की मौत हो गई। पुलिस ने परिवारीजनों को सूचना दी तो कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।
चौबेपुर के पचौर गांव निवासी सोनी पाल (34) पास के गांव भिखारीपुर निवासी बाइक चालक सत्यम शर्मा (28) के साथ पति सुनील पाल को मंधना स्थित एक मसाला फैक्टरी में दोपहर करीब एक बजे टिफिन देनी गई थीं। पति ने बताया कि सोनी कल्याणपुर के निजी अस्पताल में गार्ड थी। रविवार को उसकी छुट्टी थी। टिफिन देने के बाद दोनों लौट गए। बाद में जानकारी हुई कि बैकुंठपुर के पास बाइक चालक पंप पर पेट्रोल भराने के बाद यू टर्न लेकर यश कोठारी चौराहे की तरफ जाने लगा तभी मिनी बस ने टक्कर मार दी। इससे उछलकर गिरने से आई सिर पर चोट के कारण सोनी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, चालक भी बस से कुचल जाने से गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने उसे एक नजदीकी अस्पताल पहुंयाया, जहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।