शहर के अलग-अलग दो थानाक्षेत्रों में सचिवालय कर्मी के भाई समेत दो युवकों ने फंदे से लटक कर जान दे दी। परिजनों की सूचना पर फॉरेंसिक टीम संग मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच कर शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया। गुजैनी के पिपौरी गांव निवासी सीएसए कर्मी सुरेश दिवाकर के बेटे राहुल दिवाकर (30) ने सोमवार देर रात फंदे से लटक कर जान दे दी।
सचिवालय में नौकरी करने वाले बड़े भाई धीरज ने बताया कि गुजैनी में उनके दो मकान हैं। मंगलवार सुबह आॅफिस जाने से पहले जब वह निर्माणाधीन मकान में पहुंचे तो दरवाजा भीतर से बंद मिला। काफी आवाज देने के बाद भी भीतर से कोई आहट न आने पर उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी। फॉरेंसिक टीम संग मौके पर पहुंची गुजैनी पुलिस दरवाजा तोड़कर भीतर दाखिल हुई तो राहुल का शव छत में लगे पंखे में दुपट्टे के सहारे लटकता मिला। परिजन आत्महत्या का कारण नहीं बता सके।
वहीं, सचेंडी थानाक्षेत्र के जुगराजपुर निवासी पंकज सिंह (36) ने फंदे से लटककर जान दे दी। पंकज चार भाईयों प्रमोद, अनिल और रवि में तीसरे नंबर का था। वह एक बिस्किट कंपनी में काम करता था। चाचा रामनरेश ने बताया कि पंकज की शादी होते ही उसकी पत्नी छोड़कर चली गई थी। सोमवार रात घर आया और कमरे में चला गया। मंगलवार सुबह जब वह काफी देर तक बाहर नहीं आया तो घटना की जानकारी हुई।