मामा तालाब के पास चेकिंग में हत्थे चढ़े आरोपी
रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश राय के नेतृत्व में पुलिस टीम मसवानपुर स्थित मामा तालाब के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो युवक पुलिस टीम को देखकर सकपका गए और भागने का प्रयास करने लगे। शक होने पर पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर दोनों को रोक लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से 5.477 किलो गांजा बरामद हुआ। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान राजभान सिंह उर्फ शिवा और पंकज कुमार के रूप में हुई है।
सप्लाई नेटवर्क और सोर्स खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों आरोपी इलाके में अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्त थे। पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि गांजे की यह खेप कहाँ से लाई गई थी और इसे किन-किन लोगों को सप्लाई किया जाना था। पुलिस का दावा है कि जल्द ही तस्करी के इस पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश किया जाएगा।