चकेरी थानाक्षेत्र के सजारी गांव के बाहर कुछ लोगों ने बाइक सवार दो दोस्तों को लूट का विरोध करने पर लहूलुहान कर दिया। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। परिजनों ने दोनों घायलों को प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया है। इसमें एक की हालत गंभीर है। पीड़ित के पिता ने चकेरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
सजारी गांव निवासी कल्लू राजपूत ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि पांच सितंबर को उनका बेटा मनीष राजपूत अपने दोस्त करन राजपूत के साथ बाइक से जा रहे थे। गांव के बाहर सुनसान रास्ते पर कुछ युवकों ने रोककर मारपीट की। वह मोबाइल छीनने लगे। विरोध करने पर ईंट पत्थर और तमंचे की बट से पीटकर लहूलुहान कर दिया। शोर सुनकर गांव के लोग पहुंचे तो उनसे भी मारपीट की। गांव के ही शिवम गुप्ता चेन छीनने और श्याम सिंह ने हेलमेट से हमला करने का आरोप लगाया है। मनीष को गंभीर हालत में नौबस्ता स्थित प्राइवेट हॉस्पिटल में और करन को सनिगवां स्थित हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। थाना प्रभारी संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि 307 की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर आशीष सिंह और अभिषेक सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके पास से एक स्कूटी बरामद हुई है। दो नामजद समेत अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
ग्रामीणों ने चोर समझ सभी को पीटा था
पुलिस के मुताबिक, गांव के बाहर कुछ युवक शराब पी रहे थे तभी ग्रामीणों ने चोर समझकर सभी की पिटाई कर दी थी। इसी दौरान मनीष और करन बाइक से जा रहे थे। तभी युवकों ने घेरकर उनकी पिटाई कर दी।