हेल्प लाइन नंबर जारी
हादसे के बाद उत्तर-मध्य रेलवे ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। किसी भी जानकारी के लिए 0512-2323015 व 3016/3018, टूंडला में 7392959712 और प्रयागराज में 0532-2408128, 2407353, 2408149 नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है।
करीब 26 ट्रेनें प्रभावित, वंदेभारत सहित छह ट्रेनों का रास्ता बदला
डाउन लाइन चालू होने के बावजूद लूप और मेन लाइन के पास ही कोच डिरेल होने से कानपुर से दिल्ली रूट की अप लाइन पर संचालन ठप हो गया। इससे शताब्दी का रूट डायवर्जन हुआ तो मेल व एक्सप्रेस सहित 26 ट्रेनों का संचालन बाधित हुआ। रेल प्रशासन ने ट्रैक बाधित होने की वजह से 22435 वाराणसी-नई दिल्ली एक्सप्रेस को कानपुर आने के बाद मुरादाबाद-गाजियाबाद के रास्ते चलाया। वहीं, 22425 अयोध्या कैंट-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस को लखनऊ-मुरादाबाद-गाजियाबाद स्टेशन के रास्ते, 20175 बनारस-आगरा कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस को कानपुर-भीमसेन-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-आगरा कैंट, 15707 आम्रपाली एक्सप्रेस को लखनऊ–मुरादाबाद-गाजियाबाद, 14217 ऊंचाहार एक्सप्रेस को कानपुर अनवरगंज-फर्रुखाबाद-शिकोहाबाद–टूंडला स्टेशन के रास्ते , 12179 लखनऊ–आगरा फोर्ट एक्सप्रेस को लखनऊ-शाहजहांपुर-कासगंज–मथुरा- आगरा फोर्ट स्टेशन के रास्ते चलाया गया।