सुबह खेत पहुंचे तो उड़े होश
फत्तेपुरवा निवासी विवेक प्रताप सिंह पुत्र राजेन्द्र प्रताप सिंह ने थानाध्यक्ष को सौंपी तहरीर में बताया कि वह रोज की भांति मंगलवार की सुबह करीब 6:30 बजे अपने खेत पर गए थे। वहां जब वह ट्यूबवेल के पास पहुंचे तो कमरे में लगा स्टार्टर और करीब 15 हजार रुपये कीमत की केबल गायब थी। आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं लगा।
चाचा के नलकूप से भी समेटा सामान
घटना की पड़ताल के दौरान ही विवेक को जानकारी मिली कि उनके पास में स्थित चाचा महेन्द्र पाल सिंह (निवासी न्यू आजाद नगर) के ट्यूबवेल को भी चोरों ने अपना शिकार बनाया है। वहां से भी चोर लगभग 16 हजार रुपये कीमत की केबल और स्टार्टर चोरी कर ले गए। दोनों नलकूपों से कुल मिलाकर करीब 31 हजार रुपये के सामान पर हाथ साफ किया गया है।
पुलिस जांच में जुटी, कार्रवाई की मांग
विवेक ने सुबह करीब 7:50 बजे पीआरवी डायल-112 पर पुलिस को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और साक्ष्य जुटाए। पीड़ित किसानों ने थाने में लिखित तहरीर देकर मामले की तत्काल एफआईआर दर्ज करने, गिरोह का पर्दाफाश करने और चोरी हुआ सामान बरामद करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामला संज्ञान में है और छानबीन की जा रही है।