शिल्पी जोशी की फाइल फोटो व हादसे की जानकारी देते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
शादी समारोह से बाइक से घर लौट रहे दंपती को बर्रा थानाक्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक ने साइड से टक्कर मार दी। चलती बाइक से गिरने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, हैंडल ट्रक के पिछले हिस्से में फंसने से पति बाइक के साथ सड़क पर करीब सौ मीटर तक घिसटता चला गया। हादसे के बाद राहगीरों ने दौड़ाया तो चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल पति को अस्पताल में भर्ती कराकर पत्नी के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
बर्रा छह के सी-ब्लॉक निवासी विजय जोशी एक सिगरेट कंपनी में सेल्स सुपरवाइजर हैं। परिवार में पत्नी शिल्पी जोशी (39), एक बेटा देवांश और बेटी वैशाली हैं। परिजनों ने बताया कि सोमवार शाम करीब साढ़े आठ बजे शिल्पी और विजय बाइक से पड़ोसी की बेटी की शादी के समारोह में शामिल होने के लिए बर्रा दो स्थित पुष्पांजलि गेस्ट हाउस गए थे। रात करीब 11 बजे दंपती घर के लिए निकला। सचान गेस्ट हाउस चौराहे के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक बाइक से टकरा गया। इससे बाइक सवार शिल्पी की सड़क पर गिरकर मौत हो गई। वहीं, बाइक का हैंडल ट्रक के पिछले हिस्से में फंस गया जिससे वह करीब सौ मीटर तक घिसटता चला गया। हादसे में विजय का पैर टूट गया। वहीं, शरीर पर रगड़ने से गंभीर चोट आ गई। बर्रा थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे के बाद परिजनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।