कानपुर के रूमा में बुधवार को ट्रक की टक्कर से कैटल कैचिंग वाहन में सवार पांच कर्मचारी घायल हो गए। कांशीराम अस्पताल से हैलट रेफर कर दिया गया। महापौर प्रमिला पांडेय ने हैलट पहुंचकर जानकारी ली। नगर निगम का कैटल कैचिंग वाहन ड्योढ़ी घाट से सांड़ पकड़कर पनकी गोशाला ले जा रहा था। इस वाहन में चालक सहित दस्ते के आठ कर्मी सवार थे।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आरके निरंजन ने बताया कि रूमा में इस वाहन में पीछे से एक ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त होने के साथ ही पांच कर्मचारी घायल हो गए। उन्होंने 108 एंबुलेंस बुलाकर घायलों को कांशीराम अस्पताल भेज दिया। जहां से सभी को हैलट रेफर कर दिया गया। हैलट में चार कर्मचारियों की शाम को छुट्टी कर दी गई, जबकि आशीष के पैर में फ्रैक्चर होने से भर्ती कर लिया गया। उधर, कर्मचारी नेता हरिओम बाल्मीकि ने घायलों के बेहतर इलाज के लिए एक-एक लाख रुपये मुआवजे की मांग की है।