अभिजितेंद्र सिंह उर्फ सरदार की फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
पनकी और बिठूर थाना क्षेत्र में रविवार रात एक बार फिर रफ्तार ने ट्रांसपोर्टर और युवक की जान ले ली। वहीं, हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस में जांच पड़ताल कर शव पोस्टमार्टम भेज दिया। पनकी के नुनियनपुरवा निवासी फूलबदन सिंह के बेटे अभिजितेंद्र सिंह उर्फ सरदार (27) ट्रांसपोर्टर थे। पनकी भौंती में उनका ट्रांसपोर्ट है। परिवार में अभि की पत्नी पूजा और तीन साल की बेटी अनाया उर्फ भूमिका हैं।
बड़े भाई आजाद और छोटे विशाल के अनुसार रविवार शाम अभिजितेंद्र करीब आठ बजे घर आ गए थे। इसके बाद वह बेटी अनाया को बुलेट पर बैठाकर घुमाने के लिए ले गए। पनकी क्राॅसिंग के पास पहुंचे ही थे कि किसी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी और भाग निकला। हादसे में पिता–पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। वहां से उन्हें सर्वोदयनगर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया। अभिजितेंद्र को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, बेटी का अस्पताल में उपचार किया गया।