सेंट्रल स्टेशन पर परीक्षार्थियों की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
दो दिवसीय सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा शनिवार से शुरू हो गई। शहर के 39 सेंटरों में करीब 38 हजार छात्र परीक्षा देने कानपुर पहुंचे। परीक्षा दो पालियों में होने के कारण परीक्षार्थियों का रेला दोपहर एक बजे से सेंट्रल स्टेशन पर पहुंचना शुरू हो गया। यह सिलसिला देर शाम तक चलता रहा। रही। आने और जाने वाली ट्रेनों में भीड़ होने के कारण प्लेटफार्म ओवरलोड हो गए। भीड़ को संभालने में आरपीएफ और जीआरपी के पसीने छूट गए।
जोधपुर-हावड़ा, ब्रह्मपुत्र मेल, नीलांचल, एनई, सीमांचल एक्सप्रेस, महानंदा जैसी ट्रेनों में छात्रों की भीड़ के कारण पैर रखने की जगह नहीं बची। जोधपुर-हावड़ा में भीड़ ज्यादा होने से इसे आधा घंटा देरी से रवाना किया गया। जनरल, स्लीपर और एसी कोच तक में परीक्षार्थियों का कब्जा था। कोई दरवाजे पर लटका था तो कोई शौचालय में घुसा था। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक एसएन पाटीदार ने लाइन लगवाकर छात्रों को विभिन्न रूटों की ट्रेनों से भेजा।
सेंट्रल स्टेशन पर परीक्षार्थियों की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
बावजूद बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं रिजर्व कोचों में घुस गए। रेलवे अधिकारी भी ट्रेनों में भीड़ को नियंत्रित करने के बाद ही रवाना कर रहे थे। आरपीएफ के आठ-आठ सिपाही प्लेटफॉर्म पर ट्रेन रवानगी होने पर सक्रिय हो रहे थे ताकि कोई परीक्षार्थी चलती ट्रेन में न चढ़े। बावजूद छात्र धक्का-मुक्की कर चढ़ते रहे।
सेंट्रल स्टेशन पर परीक्षार्थियों की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
आज हर प्लेटफार्म पर रहेगी क्यूआरटी, रस्सा टीमें
सहायक भर्ती परीक्षा रविवार को भी होगी। दूसरे शहर से आने वाली छात्रों की भीड़ के मद्देनजर आरपीएफ और जीआरपी ने लोड का आकलन कर हर प्लेटफार्म पर क्यूआरटी व रस्सा टीमें सुबह से ही मुस्तैद करने का निर्णय लिया है। भीड़ पर आरपीएफ के कंट्रोल रूम से सीसीटीवी से नजर रखी जाएगी जिसमें चार जवानों की की तीन चरणों में ड्यूटियां लगाई गई हैं।
हेल्पलाइन नंबर
आरपीएफ - 0512-2320434
जीआरपी- 9454404416
रेलवे - 139