तीन जुलाई से यूपी के कानपुर शहर से दिल्ली के लिए हवाई सेवा शुरू हो रही है। हवाई सेवा की तैयारी तेज हो गई है। जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह के साथ एयरपोर्ट और हवाई सेवा देने वाली कंपनी स्पाइस जेट के अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में तय हुआ कि पहले दिन की फ्लाइट से यात्रा करने वाले यात्रियों का स्वागत स्वयं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।
योगी के अलावा फ्लाइट को हरी झंडी दिखाने के लिए केंद्रीय विमानन राज्यमंत्री जयंत सिन्हा और प्रदेश के कैबिनेट मंत्री नंदकुमार नंदी के साथ सांसद मुरली मनोहर जोशी के भी आने की सूचना है। बैठक में सिविल एयरपोर्ट टर्मिनल के विस्तार पर भी चर्चा की गई।
एयरपोर्ट अधिकारियों ने कहा कि जिस क्षेत्र में टर्मिनल का विस्तार होना है वह सेना की जमीन है। यदि सेना जमीन देने की अनुमति देती है तो इस पर काम शुरू किया जा सकता है। एयरपोर्ट अथॉरिटी के निदेशक जमील खालिक ने बताया कि फ्लाइट के लिए एयरपोर्ट पर तैयारी पूरी है। स्पाइस जेट के अधिकारियों से भी उनकी बात हो चुकी है, उनका शेड्यूल भी आ गया है।