शहर में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तीन लोगों ने फंदा लगाकर जान दे दी। गुजैनी के बर्रा-8 में जुए में रुपये हारने के बाद तनाव में आए होमगार्ड के बेटे ने खुदकुशी कर ली। वहीं, हनुमंत विहार के गल्लामंडी में ट्यूशन पढ़ाने वाली युवती ने घर के ऊपर बने कमरे में फंदा लगा लिया। उधर, सेन पश्चिम पारा के तौधकपुर में शादीशुदा महिला ने जान दे दी। तीनों घटनाओं में पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ जांच कर शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए।
गुजैनी के बर्रा-8 निवासी होमगार्ड उदयनारायण शर्मा का बेटा मनोज शर्मा (33) पेशे से ड्राइवर था। पिता की तैनाती जिलाधिकारी कार्यालय में है।उदयनारायण के मुताबिक, दीपावली पर मनोज दो दिन तक जुआ खेलता रहा। इस दौरान वह काफी रकम हार गया था। इसके बाद से ही वह परेशान और तनाव में था। सोमवार देर रात घर लौटने के बाद वह बिना किसी से बातचीत किए ऊपर बने कमरे में चला गया। मंगलवार तड़के कमरे से खटपट की आवाज सुनकर परिजन पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। खिड़की से झांककर देखा तो मनोज का शव दुपट्टे के सहारे पंखे से लटक रहा था।
गुजैनी थानाप्रभारी राजन शर्मा के मुताबिक, परिजन ने किसी पर आरोप नहीं लगाया है। इसी प्रकार हनुमंत विहार के गल्लामंडी निवासी जितेंद्र सिंह की छोटी बेटी अनामिका तिवारी (26) बच्चों को ट्यूशन पढ़ाती थी। सोमवार देर शाम वह घर की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में गई। काफी देर तक नीचे नहीं आने पर मां बुलाने पहुंचीं। दरवाजा अंदर से बंद होने पर कोई जवाब न मिलने पर खिड़की से झांककर देखा तो अनामिका का शव दुपट्टे के सहारे पंखे से लटका था।
अनामिका की अगले साल शादी होनी की बात चल रही थी। परिवार में बहन आकांक्षा और भाई भानू हैं। हनुमंत विहार थानाप्रभारी राजीव सिंह के अनुसार परिजन आत्महत्या के पीछे का कारण नहीं बता सके हैं। उधर, सेनपश्चिम पारा के तौधकपुर में कंचन उर्फ रिया (28) ने फंदा लगाकर जान दे दी। उसके एक बेटी सृष्टि है। परिवार में मां सुमन, भाई राज, एजाज और वीर के अलावा बहन प्रिया है। छह साल पहले राजा से शादी हुई थी। सेनपश्चिम पारा थानाप्रभारी मूलचंद्र चौरसिया ने बताया कि परिजन खुदकुशी के पीछे का कारण नहीं बता सके हैं।