हाईवे किनारे एटीएम बूथ से डेबिट कार्ड बदलकर बैंक खाते खाली करने वाले अंतरजनपदीय तीन शातिरों को किदवईनगर पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार किया है। ये बुजुर्ग, बच्चों या महिलाओं को निशाना बनाते थे। एटीएम में पिनकोड डालते समय चुपके से देख लेते थे फिर बरगलाकर डेबिट कार्ड बदल देते थे। तीनों शातिर रविवार को औरैया में टोल प्लाजा का बूम तोड़कर भागे थे। इनमें दो गाजियाबाद और एक हरदोई का निवासी है।
डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि किदवईनगर में एक साल पहले महिला से डेबिट कार्ड बदलकर ठगी हुई थी। इसका मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। रविवार को संदिग्धों के साकेतनगर स्थित एक्सिस बैंक एटीएम के पास घूमने की जानकारी हुई तो पुलिस ने दबिश देकर उन्हें पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपी गाजियाबाद के इंद्रपुरी लोनी निवासी ईशानू खान, बलरामनगर लोनी देहात निवासी सर्वेश राजपूत और हरदोई के लोनार, सवायजपुर के बरबन गांव निवासी अरुण कनौजिया हैं। इनके पास से अलग-अलग बैंकों के 43 डेबिट कार्ड, 22 हजार रुपये और दो तमंचे बरामद हुए हैं। अरुण और सर्वेश दिल्ली, गाजियाबाद व किदवईनगर से जेल जा चुके हैं। अरुण पर पांच और सर्वेश पर आठ मुकदमे दर्ज हैं। ईशानू खान के आपराधिक रिकार्ड के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पूछताछ में आरोपियों ने कबूला है कि वह छह साल से इस तरह से लोगों को ठग रहे हैं।