पासपोर्ट कार्यालय को ई-मेल के माध्यम से बुधवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिली जिसके बाद पुलिस, एलआईयू, खुफिया और बम निरोधक दस्ते ने स्टाफ को बाहर कर परिसर की तलाशी ली। करीब डेढ़ घंटे तक चेकिंग अभियान चलाया गया। बम निरोधक दस्ते ने होटल प्रिस्टीन, विशाल मेगा मार्ट और दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर परिसर की भी जांच की। हालांकि, जांच टीम को कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
एलआईयू सूत्रों के मुताबिक सुबह 10:30 बजे पासपोर्ट कार्यालय को धमकी भरा ई-मेल आया। इसमें कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। ई-मेल पढ़ते ही अधिकारियों ने डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव को सूचना दी। डीसीपी सेंट्रल ने तुरंत स्वरूपनगर और नजीरबाद थाने के फोर्स को मौके पर भेजा। स्वरूपनगर एसीपी शिखर कुमार भी पहुंचे। उन्होंने एलआईयू स्टाफ और बम निरोध दस्ते के साथ मिलकर पूरे स्टाफ को बाहर कर कार्यालय की तलाशी ली।
पुलिस और बम निरोधक दस्ते के जांच करने से लोगों में दहशत हुई। हालांकि, पुलिसकर्मियों ने इसे सामान्य जांच बताकर किनारे किया। यह अभियान सुबह 11:30 से दोपहर एक बजे तक चला लेकिन कोई संवेदनशील वस्तु नहीं मिली। पुलिस के अधिकारी इसे शरारत बता रहे हैं। ई-मेल भेजने वाले की जांच शुरू हो गई है।
पासपोर्ट कार्यालय के अधिकारियों ने धमकी भरा ई-मेल आने की सूचना दी थी जिसके बाद पुलिस, एलआईयू और बम निरोधक दस्ते को भेजकर जांच कराई गई। किसी तरह की कोई संवेदनशील या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। - अतुल कुमार श्रीवास्तव, डीसीपी सेंट्रल