जलवायु परिवर्तन का असर आने वाले वर्षों में देश की खाद्य सुरक्षा के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है। वर्ष 2050 तक वर्षा आधारित धान की पैदावार में 20 और गेहूं की पैदावार में 19 फीसदी तक गिरावट आने की आशंका है। इसका सबसे अधिक असर छोटे और सीमांत किसानों पर पड़ सकता है, जिनकी देश के कुल कृषक समुदाय में हिस्सेदारी करीब 80 फीसदी है।
यह निष्कर्ष आईआईटी कानपुर की ओर से लखनऊ में आयोजित दो दिवसीय क्षेत्रीय ग्रामीण भारत शिखर सम्मेलन में सामने आया। देश-विदेश के वैज्ञानिकों, नीति-निर्माताओं, प्रशासनिक अधिकारियों और विशेषज्ञों ने ग्रामीण भारत की जलवायु चुनौतियों और उनके समाधान पर चर्चा की। सम्मेलन का आयोजन आईआईटी कानपुर के कोटक स्कूल ऑफ सस्टेनेबिलिटी ने पोंटिफिकल एकेडमी ऑफ साइंसेज और पोंटिफिकल एकेडमी ऑफ सोशल साइंसेज, वेटिकन सिटी के सहयोग से किया।