चकेरी थानाक्षेत्र के अहिरवां में कार से आए टप्पेबाज सराफा व्यापारी के पिता को बातों में उलझाकर दुकान से तीन लाख के जेवर लेकर भाग निकले। कारोबारी जब दुकान लौटे और स्टॉक का मिलान किया, तब घटना की जानकारी हुई। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की।
अहिरवां के प्रज्ञा विहार मवइया मोड़ निवासी विकास दुबे की सीतारामनगर में पूर्वी कृष्णा ज्वैलर्स नाम से दुकान है। उन्होंने बताया कि 21 मई को वह रिश्तेदारी में गृह प्रवेश कार्यक्रम में शामिल होने के लिए हमीरपुर के मौदहा गए थे। इस दौरान दुकान पर उनके पिता अनिल दुबे बैठे थे। बताया कि सुबह 10:10 बजे दुकान में दो महिलाएं और एक युवक कार से आए। उन्होंने जेवर देखने और साथ ही वजन कराने की बात कही।
इस दौरान टप्पेबाजों ने पिता अनिल का ध्यान भटका दिया और सोने-चांदी के कुल तीन लाख रुपये के जेवर पार कर दिए। विकास जब 25 मई को दुकान लौटे तो उन्होंने स्टॉक का मिलान किया। जेवर कम मिलने पर सीसीटीवी फुटेज चेक किए तो पूरी घटना कैद पकड़ में आ गई। चकेरी इंस्पेक्टर संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही है।