शहर के अलग-अलग थानाक्षेत्र में चोरों ने दो घरों-घरों और एक मंदिर से लाखों का माल पार कर दिया। पीड़ितों की तहरीर पर संबंधित क्षेत्र की पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।
पहली घटना
चकेरी के लोधनपुरवा नई बस्ती निवासी रामकुमार श्रीवास्तव 23 नवंबर को अपने साढ़ू के बेटे की शादी में लखनऊ गए थे। 26 नवंबर को पड़ोसियों ने घर का गेट खुला होने की सूचना दी। लखनऊ से लौटने पर घर के ताले टूटे पड़े थे। अलमारियों के लॉकर व दुकान का गल्ला खाली था। घर व दुकान का मिलाकर करीब एक लाख की नकदी व बेटी की शादी के लिए रखे मंगलसूत्र व अन्य जेवर गायब थे। उन्होंने मोहल्ले के विशाल पर चोरी करने का शक जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है। चकेरी थाना प्रभारी अशोक कुमार दुबे ने बताया कि चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
दूसरी घटना
मूलगंज के मिश्री बाजार निवासी मोहम्मद शादाब अहमद 27 नवंबर को मकान में ताला लगाकर सुबह 4:25 बजे अपनी ससुराल विष्णुपुरी गए थे। सुबह 7:10 बजे चाचा नफीस अहमद ने मकान के ताला खुले पड़े होने की जानकारी दी। वह घर पहुंचे तो कमरे में रखी अलमारी खुली पड़ी थी और सामान बिखरा पड़ा था। शादाब के मुताबिक चोर पत्नी के लाखों रुपये के जेवर, परिवार के लोगों पहचान पत्र और कपड़े कंबल में लपेट कर ले गए हैं। मूलगंज थाना प्रभारी रिकेश कुमार ने बताया कि मामले अज्ञात के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
तीसरी घटना
सिविल लाइंस स्थित खेरेपति मंदिर के पीछे रहने वाले आनंद गुप्ता की परचून की दुकान का ताला तोड़कर चोर नकदी और अन्य सामान चोरी कर लिया। आनंद के मुताबिक वह बुधवार रात दुकान बढ़ाने के बाद घर चले गए थे। गुरुवार सुबह दुकान पहुंचे तो शटर में लगे ताले टूटे पड़े थे। गुल्लक में रखे करीब 70 हजार रुपये और एक स्थान पर रखी 20 हजार व अलमारी में रखे लाखों रुपये के जेवर भी गायब थे। आनंद के अनुसार वह पहले यहीं पर रहते थे। कोतवाली प्रभारी संतोष शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
चौथी घटना
परमट स्थित आनंदेश्वर मंदिर के अरुण भारती ने बताया कि 27 नवंबर की दोपहर करीब 12:25 बजे एक व्यक्ति ने मंदिर गर्भ ग्रह में सजावट में लगी चांदी चोरी कर ली। इसके बाद मंदिर के कर्मचारियों ने उस व्यक्ति को पकड़ लिया। उसके पास से चांदी के दो टुकड़े , पेंचकस, रिंच, पाना व अन्य औजार भी बरामद हुए। भारती के मुताबिक पिछले कई दिनों से मंदिर गर्भ गृह में चोरी हो रही थी। करीब 2 से ढाई किलो तक चांदी चोरी हो चुकी है। पूछताछ में चोरी करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम शिवाला निवासी रुपेंद्र बताया। ग्वालटोली थाना प्रभारी दुर्गेश मिश्रा ने बताया कि मामले आरोपी रुपेंद्र वर्मा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।