मूलगंज थाने से 500 मीटर दूर हटिया में शनिवार देर रात चोरों ने चाचा-भतीजा की दो किराना दुकानों के छह ताले तोड़कर करीब एक लाख रुपये का माल पार कर दिया। रविवार सुबह चोरी का पता चला। पुलिस ने जांच कर जल्द खुलासे का आश्वासन दिया।
हटिया निवासी गौरव अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि घर के पास किराना बाजार में गौरव किराना एंड जनरल स्टोर्स नाम से दुकान है। रविवार सुबह दुकान के पास से निकल रहे लोगों ने दुकान के ताले टूटे होने की जानकारी दी। इसी तरह चोरों ने ठीक बगल में चाचा बसंतलाल अग्रवाल की किराना दुकान के तीन ताले तोड़कर माल पार किया। मौके पर किराना व्यापारी इकट्ठा हो गए और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। मूलगंज इंस्पेक्टर विक्रम सिंह ने बताया कि कैमरे चेक किए जा रहे हैं।