चकेरी के गोपालनगर में सुनसान घर में घुसे चोरों ने नकदी, गहने समेत लाखों का माल पार कर दिया। डॉक्टर घर पहुंचे तो सामान बिखरा देख चोरी का पता चला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांचकर रिपोर्ट दर्ज की है। गोपालनगर निवासी सुरेश कुमार शुक्ला का कानपुर देहात के पुखरायां में पैतृक आवास है। उनका पुखरायां में हॉस्पिटल भी है जिसमें वह डॉक्टर हैं।
बीते 13 जुलाई की शाम को वह गोपालनगर स्थित अपने मकान में ताला बंदकर परिवार समेत पुखरायां गए थे। 23 जुलाई को जब लौटे तो अलमारी खुली पाई। सुरेश के मुताबिक चोर उनके घर से तीन सोने की अंगूठी, दो-तीन जोड़ी पायल, एक चेन समेत करीब 80 हजार रुपये नकद चुरा ले गए। उन्होंने पड़ोस के प्लॉट में काम करने आने वाले मजदूरों पर शक जताया है। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की मदद से चोरों की तलाश की जा रही है।