कानपुर में चकेरी थाना क्षेत्र के अहिरवां के न्यू पटेल नगर में बगल के खाली प्लॉट से सुरंग बनाकर घुसे चोरों ने ज्वेलर्स की दुकान से नगदी जेवरात समेत आठ लाख का माल पार कर दिया। चोर डीवीआर समेत सीसीटीवी कैमरे भी उखाड़ ले गए। सूचना पाकर पहुंची पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है। ओमपुरवा लाल बंगला निवासी सोनू वर्मा की अहिरवां के न्यू पटेल नगर में खाटू ज्वेलर्स नाम से दुकान है।
सोनू ने बताया कि बीती सोमवार रात में वह दुकान बंद करके घर आ गए थे। मंगलवार सुबह पड़ोसी ने उनको चोरी की सूचना दी। जानकारी पाकर वह दुकान में पहुंचे, तो पीछे खाली प्लाट से सुरंग बनाकर चोर अंदर दाखिल हुए थे। चोर करीब डेढ़ किलो चांदी, 25 ग्राम सोना और लगभग 50 हजार रुपये कैश समेत आठ लाख रुपये का माल लेकर फरार हो गए।