बेखौफ चोरों के मनसूबे इतने बुलंद हैं कि वह पुलिस चौकी के आसपास भी चोरी की घटना को अंजाम देने से नहीं चूक रहे। शातिर चोरों शुक्रवार रात बाबूपुरवा कोतवाली की बगाही पुलिस चौकी के पीछे बनी कबाड़ी की दुकान से माल पार कर दिया। बगाही भट्ठा निवासी आमिना बेगम ने बताया कि बगाही चौकी के पीछे उनकी कबाड़ की दुकान है। तीन साल पहले पति का इंतकाल होने के बाद से वह दुकान की जिम्मेदारी संभाल रहीं हैं।
विज्ञापन
शुक्रवार शाम करीब सात बजे दुकान बंद करने के बाद वह घर चली गईं थीं। शनिवार सुबह दुकान पर पहुंचने पर पता चला कि छत की टीन हटा कर दुकान के अंदर दाखिल हुए चोरों ने दुकान से कुल 165 किलो वजन के 14 बांट,तराजू का पल्ला समेत करीब पांच क्विंटल माल ले गए हैं। इनमें एल्युमिनियम, तांबा, लोहा शामिल है। पीड़िता के मुताबिक चोर वाहन से ही आए होंगे क्योंकि भारी सामान लेकर पैदल जाना संभव नहीं है। बाबूपुरवा कोतवाली इंस्पेक्टर अरुण कुमार द्विवेदी ने बताया कि आसपास के कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।