फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur: प्रदेश अध्यक्ष के रोड शो ने छीनी शहर की रफ्तार, छह घंटे तक लगा जाम…स्कूली बच्चे और एंबुलेंस तक फंसे

Fri, 23 Jan 2026 12:11 PM IST
हिमांशु अवस्थी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर

सार

Kanpur News: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के स्वागत में निकाले गए 20 किमी लंबे रोड शो के कारण कानपुर शहर छह घंटे तक भीषण जाम की चपेट में रहा। जाजमऊ से लेकर सीएसजेएम विश्वविद्यालय तक यातायात पूरी तरह ठप रहा, जिसमें एंबुलेंस और स्कूली बच्चे बुरी तरह फंसे रहे।
विज्ञापन
गोल चौराहे पर लगा भीषण जाम - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कानपुर में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद गुरुवार को पहली बार शहर आए पंकज चौधरी शहरियों को जाम की सौगात दे गए। भव्य स्वागत के लिए निकाले गए करीब 20 किमी लंबे रोड शो के चक्कर में पूरा शहर घंटों जाम रहा। सुबह करीब 11:30 बजे जाजमऊ पुल पर स्वागत के बाद शुरू हुआ जाम लगने का सिलसिला शाम करीब 5:30 बजे सीएसजेएमयू पहुंचने तक जारी रहा। जहां से भी काफिला गुजरा यातायात ठप हो गया। जाम में एंबुलेंस से लेकर स्कूल की छुट्टी होने पर घर लौट रहे छात्र तक फंसे दिखाई दिए।

विज्ञापन

प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत के लिए उत्साहित सांसद-विधायक और पार्टी कार्यकर्ता सुबह करीब 11 बजे से ही गंगापुल पहुंचने लगे। स्वागत के नाम पर की गई आधी-अधूरी तैयारियों के चलते गंगा पुल और उससे जुड़े मार्गों पर दोनों ओर करीब दस-दस किलोमीटर तक लंबा जाम लग गया। हालात यह रहे कि दोपहिया, चार पहिया ही नहीं एंबुलेंस और आवश्यक सेवाओं के वाहन भी घंटों फंसे रहे। स्वागत समारोह में शामिल होने जा रहे सांसद देवेंद्र सिंह भोले की गाड़ी भी जाम में फंस गई, तो वह करीब एक किलोमीटर पैदल चलकर गंगा पुल पहुंचे।

जाजमऊ में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के काफिले में फंसी एम्बुलेंस हटाते ट्रैफिक पुलिस कर्मी - फोटो : amar ujala
भारी वाहनों और ट्रकों की एंट्री किसके आदेश से हुई
यहां पर उनकी एडीसीपी अंजली विश्वकर्मा से तीखी बहस हो गई। सांसद ने सवाल किया कि जब स्वागत कार्यक्रम की जानकारी पहले से थी, तो भारी वाहनों और ट्रकों की एंट्री आखिर किसके आदेश से हुई। कहा कि प्रशासनिक समन्वय की कमी और लचर यातायात प्रबंधन के कारण जनता को जाम से जूझना पड़ रहा है। सांसद ने भाजपा-बुंदेलखंड क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल से भी जाम को लेकर आपत्ति जताई। कहा कि राजनीतिक कार्यक्रमों में भीड़ जुटाने से पहले यातायात और नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

मालरोड में लगा भीषण जाम - फोटो : amar ujala
बैरिकेडिंग लगाकर घंटों रोका, छोड़ने पर लग गया जाम
गंगापुल से शुरू हुआ रोड शो जेके चौराहा, हरजिंदर नगर और लाल बंगला की ओर बढ़ा। इस दौरान पहले से तैनात पुलिस और यातायात विभाग सिपाहियों ने बैरिकेडिंग लगाकर आवागमन रोक दिया। दो पहिया और चार पहिया वाहन चालक रास्ता साफ होने का इंतजार करते रहे। काफी देर बाद जब काफिला पूरी तरह वहां से आगे के लिए बढ़ गया तो बैरिकेडिंग हटा दी गईं।

जाजमऊ गंगा पुल की दोनों तरफ लगा भीषण जाम - फोटो : amar ujala
रावतपुर पहुंचने से पहले इलाके में भीषण जाम
इसके बाद आपाधापी में वाहन एक दूसरे के सामने आ गए और जाम लग गया। लोग घंटों जाम में फंसे रहे। इसके बाद काफिला नरौना चौराहा, फूलबाग, बड़ा चौराहा, परेड चौराहा, लाल इमली चौराहा, गोल चौराहा, रावतपुर, गीतानगर क्राॅसिंग होते हुए सीएसजेएम विश्वविद्यालय की ओर बढ़ा। काफिला के रावतपुर पहुंचने से पहले इलाके में भीषण जाम की स्थिति बन गई। मोतीझील मेट्रो स्टेशन के पास भीषण जाम लग गया। लोगों ने स्वरूपनगर की गालियों से होकर गुजरना चाहा, तो वहां भी जाम लग गया।

बड़े चौराहे पर लगा भीषण जाम - फोटो : amar ujala
http://

सड़क पर लगाए गए स्टेज बने जाम की वजह

बड़े चौराहे और रावतपुर में काॅर्डियोलॉजी के सामने सड़क पर लगाए गए स्टेज के कारण जाम लगा। जाम में 108 एंबुलेंस भी फंसी रही। लोगों ने एंबुलेंस चालकों को रास्ता देना चाहा पर भीषण जाम के चलते ऐसा न कर सकें। ट्रैफिक पुलिस के जवान जाम खुलवाने के लिए प्रयासरत दिखे पर बेबस नजर आए। एंबुलेंस चालक के अनुसार, वह गंभीर मरीज को लेकर कार्डियोलाॅजी जा रहा है लेकिन काफी देर से जाम में फंसा है।

छावनी के शिवनारायण टंडन सेतु पर लगा जाम - फोटो : amar ujala
जाम में फंसकर बेहाल हुए छात्र
जुलूस का समय स्कूलों की छुट्टी के समय से मेल खाने के कारण स्कूली बच्चों को भी काफी परेशानी झेलनी पड़ी। बसों और ऑटो में सवार बच्चे घंटों जाम में फंसे रहे। कई बच्चे भूख-प्यास और थकान से बेहाल नजर आए। कुछ अभिभावक पैदल ही जाम में फंसीं बसों तक पहुंचकर बच्चों को घर ले जाने पर मजबूर हुए। कई स्थानों पर वाहन चालकों के बीच आपसी झड़प की स्थिति भी बनी। जाम में फंसे लोगों ने कहा कि वह किसी भी राजनीतिक दल या नेता के विरोध में नहीं हैं लेकिन जनसुविधा को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। ऐसे कार्यक्रमों के लिए स्पष्ट यातायात व्यवस्था होनी चाहिए।
विज्ञापन

जाजमऊ गंगा पुल की दोनों तरफ लगा भीषण जाम - फोटो : amar ujala

जाम के पांच प्रमुख कारण

  • अवकाश की जगह काम वाले दिन पर इतने लंबे रोड शो का आयोजित किया जाना।
  • रोड शो का समय सुबह और दोपहर में होने से अभिभावक, छात्र और स्कूल स्टॉफ की भीड़ बढ़ना।
  • उत्साहित कार्यकर्ताओं द्वारा सड़क घेरकर स्टॉल लगाना और जेसीबी खड़ी कर फूलों की बारिश करना।
  • ट्रैफिक पुलिस की ओर से यातायात व्यवस्था को संभालने के लिए संसाधनों की कमी होना।
  • अन्य जिलों में हो रहे रोड शो के जाम से सबक न लेकर इतनी दूरी की अनुमति देना।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें