ब्रिटिश इंडिया कारपोरेशन (बीआईसी) की डिप्टी पड़ाव स्थित कानपुर टेक्सटाइल मिल की चल संपत्ति पांच करोड़ में नीलाम हो गई। इसे कानपुर की एक कंपनी ने खरीदा है। इसके अलावा बांसमंडी स्थित एल्गिन मिल दो की संपत्ति की बोली मूल्यांकन मूल्य से दो गुना से अधिक लगी।
खरीदारों ने 15 करोड़ 20 लाख की बोली लगाई। इसका मूल्यांकन मूल्य छह करोड़ से अधिक था। अब इसका दोबारा मूल्यांकन कराकर नीलामी कराई जाएगी। वीआईपी रोड स्थित एल्गिन मिल एक की चल संपत्ति पर केवल एक टेंडर आने पर इसकी नीलामी नहीं हो सकी।
एल्गिन मिल एक, दो और कानपुर टेक्सटाइल की चल संपत्तियां बचाने को बीआईसी की ओर से दाखिल की गई अपील कोर्ट ने खारिज कर दी है। अब बीआईसी कपड़ा मंत्रालय से फिर स्वीकृति लेकर हाईकोर्ट की डबल बेंच में अपील करेगा। इलाहाबाद कोर्ट की निगरानी में बुधवार को इन मिलों की चल संपत्तियों की नीलामी के लिए टेंडर खोले गए।
हालांकि, कानपुर की किस कंपनी को टेक्सटाइल खरीदने का अधिकार मिला है, इसकी जानकारी अफसरों को नहीं मिल पाई है। एक महीने के भीतर खरीदार कंपनी को रुपये जमा करने होंगे। बता दें कि इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 23 जनवरी को मिल के लिक्विटेडर कोटक महिंद्रा के पक्ष में निर्णय करते हुए इन मिलों की चल संपत्तियों की नीलामी के आदेश दिए थे।
बीआईसी पर कोटक महिंद्रा का करीब नौ करोड़ का लोन बकाया है। नीलामी रुकवाने के लिए बीआईसी ने 26 फरवरी को कोर्ट में अपील की थी। कानपुर टेक्सटाइल: प्लांट व मशीनरी एवं अन्य चल संपत्तियां जिसमें फर्नीचर, फि क्सचर भी हैं। आरक्षित मूल्य 3,39,31,510।
एल्गिन मिल एक : प्लांट व मशीनरी एवं अन्य चल संपत्तियां जिसमें फर्नीचर, फिक्सचर भी हैं। आरक्षित मूल्य 25,30,48,550। एल्गिन मिल दो : प्लांट व मशीनरी एवं अन्य चल संपत्तियां जिसमें फर्नीचर, फिक्सचर भी हैं। आरक्षित मूल्य 6,27,77,650।