कानपुर। शहर की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर राज्य महिला कबड्डी प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। बुधवार को खेले गए क्वार्टर फाइनल में कानपुर ने लखनऊ की टीम को पराजित कर जीत की राह बनाई। यह प्रतियोगिता आगरा में आयोजित की जा रही है।
पहले मुकाबले में कानपुर ने चित्रकूट को 24-19 से हराया। टीम की स्टार रेडर इशिका वर्मा ने लगातार सफल रेड लगाते हुए 19 अंक बटोरे, जबकि कप्तान हुमा ने लेफ्ट कॉर्नर से मजबूत डिफेंस का प्रदर्शन करते हुए नौ टैकल प्वाइंट हासिल किए। रागिनी जादौन ने छह अंक जोड़े, जबकि विदुषी और कीर्ति ने रेड और डिफेंस दोनों में शानदार तालमेल दिखाकर टीम को जीत दिलाई।
क्वार्टर फाइनल में लखनऊ के खिलाफ कानपुर का दबदबा कायम रखते हुए टीम ने 26-19 से मुकाबला अपने नाम किया। इशिका ने 13 रेड प्वाइंट व रागिनी ने छह प्वाइंट लेकर विपक्षी टीम की पकड़ ढीली कर दी। तो कप्तान हुमा वाकर ने लेफ्ट कॉर्नर से शानदार चेज टैकल और सटीक डिफेंस के दम पर 11 टैकल प्वाइंट जुटाए। विदुषी और कीर्ति ने डिफेंस लाइन को मजबूती देते हुए विपक्षी रेडर को लगातार रोककर जीत की राह आसान की।