राज्य कर विभाग (एसजीएसटी) ने बृहस्पतिवार को अनवरगंज के कारवालो नगर स्थित पान मसाला और तंबाकू डिस्ट्रीब्यूटर फर्म पर छापा। इस दौरान बड़े पैमाने पर कर चोरी मिली। स्टाॅक में भारी भी अंतर मिला। फर्म संचालक ने माैके पर ही 1.25 करोड़ रुपये जमा किए। आगे की जांच की जा रही है।
अपर आयुक्त ग्रेड एक सान्या छाबड़ा के निर्देश पर अपर आयुक्त ग्रेड-2 (एसआईबी) जोन प्रथम प्रशांत कुमार और संयुक्त आयुक्त ज्ञान प्रकाश सिंह की अगुवाई में कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान फर्म संचालक नियमानुसार खरीद-बिक्री नहीं कर रहे थे। दस्तावेजों में दर्ज और माैके पर स्टाॅक में अंतर मिला। खरीद प्रक्रिया में भी गड़बड़ी मिली। बड़ी मात्रा में कर चोरी पकड़ी गई। फर्म की ओर से देय कर भी जमा नहीं किया जा रहा था।
व्यापार स्थल पर मिली अनियमितताओं के आधार पर व्यापारी ने स्वयं से डीआरसी-03 के माध्यम से कर 1.25 करोड़ रुपये जमा किया। फर्म के संचालन और वित्तीय रिकॉर्ड भी अफसरों ने जब्त किए हैं। अपर आयुक्त ने बताया कि पान मसाला से संबंधित फर्मों पर निगरानी रखी जा रही है। कर चोरी करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दाैरान अभिषेक कुमार चतुर्वेदी, प्रभात कुमार चौधरी, दीपक सिंह आदि रहे।