करमेर-इटौरा मार्ग पर सड़क निर्माण के लिए जेसीबी से खोदकर छोड़े गए गड्ढों में खेतों का पानी भरने से गुरुवार को दो मासूम बच्चियों की डूबकर मौत हो गई। तगारेपुर गांव के पास दोनों सहेलियां घर से करीब 200 मीटर दूर खेल रही थीं। इसी दौरान पानी से भरे गड्ढे के किनारे मिट्टी में पैर फिसलने से दोनों उसमें जा गिरीं। बच्चियों को डूबता देख अन्य बच्ची लोगो को बुलाने दौड़ी, दोनों पानी में डूब चुकी थीं। आनन-फानन में परिजन दोनों को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पुलिस की मौजूदगी में उनकी मौत की पुष्टि हुई। हादसे के बाद परिवारों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम छा गया।
तगारेपुर गांव निवासी निक्की (8) पुत्री कमलेश उर्फ़ कल्लू और पूर्वी (7) पुत्री शशिकांत आपस में सहेलियां थीं। दोनों के घर आमने-सामने हैं। गुरुवार को दोनों घर से करीब 200 मीटर दूर खेलने गई थीं। इसी दौरान करमेर-इटौरा मार्ग पर चल रहे निर्माण कार्य के लिए जेसीबी से सड़क के दोनों ओर मिट्टी खोदी गई थी। खुदाई से निकली मिट्टी सड़क पर चौड़ीकरण के लिए डाल दी गई, जबकि सड़क किनारे बने गड्ढों में खेतों का पानी भर गया था। खेलते समय गड्ढे के किनारे मिट्टी में पैर फिसलने से दोनों बच्चियां पानी में जा गिरीं और डूबने लगीं।
बताया जा रहा है कि आकांक्षा ने बच्चियों को गड्ढे में डूबते देखा तो वह तत्काल वहां मौजूद लोगो को बुलाने दौड़ी। परिजनों को जानकारी मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और बच्चियों को बाहर निकालकर अस्पताल ले गए। वहां पुलिस की मौजूदगी में दोनों की मौत की पुष्टि हुई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दो मासूमों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों में सड़क निर्माण के दौरान सुरक्षा इंतजाम नहीं किए जाने को लेकर आक्रोश है।