चालक बोला- घर पहुंचकर पैसे ले लेगा
कुछ देर बाद फोन कट गया। इसके बाद चालक विकास ने परिजनों को फोन कर बताया कि रघुनंदन की तबीयत बिगड़ गई है और उन्हें हार्ट अटैक आया है। चालक ने उन्हें अस्पताल ले जाने की बात कही। परिजनों ने अस्पताल का नाम और पता पूछा, ताकि वे वहां पहुंच सकें, लेकिन चालक ने उन्हें आने से मना कर दिया। उसने रघुनंदन को कानपुर लाने की बात कही। चालक ने यह भी बताया कि उसे रघुनंदन से 56 हजार रुपये लेने हैं और घर पहुंचकर पैसे ले लेगा।
मौत का कारण हार्ट अटैक बताया था
इसके बाद परिजनों ने कई बार फोन किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। परिजन के मुताबिक, शुक्रवार देर रात चालक रघुनंदन का शव घर के बाहर छोड़कर चला गया। शनिवार दोपहर वे अंतिम संस्कार के लिए शव लेकर भैरव घाट पहुंचे। वहां शव खोलने पर सिर और गर्दन समेत शरीर पर कई जगह चोटों के निशान दिखाई दिए। इस पर परिजनों ने अंतिम संस्कार रोक दिया और शव लेकर वापस लौट आए। बृजेंद्र ने कहा कि चालक ने मौत का कारण हार्ट अटैक बताया था।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
वहीं, शरीर पर चोटों के निशान मिलने से परिवार को संदेह है। उन्होंने चालक की भूमिका की जांच कर मौत की वजह स्पष्ट करने की मांग की है। परिजन की सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पुलिस ने चालक विकास साहनी को फोन कर बुलाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं पहुंचा। इसके बाद बृजेंद्र ने थाने में लिखित तहरीर दी। गुजैनी थाना प्रभारी राजन शर्मा ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।