चीनी के भावों ने दाम के मामले में नया रिकाॅर्ड बना दिया है। फुटकर में भाव 55 रुपये किलो तक पहुंच गए हैं। थोक में इसका भाव 52 रुपये किलो हो गया है। 10 दिन में सात रुपये किलो तक चीनी के दाम बढ़ गए हैं। आगे भी तेजी की संभावना जताई जा रही है। जानकारों का कहना है कि चीनी मिलों के एजेंट चीनी खरीदकर रोज नए रेट खोल रहे हैं। सरकार ने तत्काल सख्त कदम नहीं उठाए, तो चीनी के दाम 60 रुपये किलो पहुंचने में देर नहीं लगेगी।
कानपुर शुगर मर्चेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष गोपाल माहेश्वरी ने बताया कि चीनी की कीमतों को काबू में रखने के लिए स्टॉक लिमिट लागू की गई है। कोई भी चीनी डीलर किसी भी स्टॉक को 30 दिन से ज्यादा समय तक अपने पास नहीं रख सकेगा। अब एक समय पर किसी भी जगह 4,000 क्विंटल से ज्यादा चीनी का स्टॉक रखने की भी अनुमति नहीं है।