ट्यूशन पढ़ाने वाले शिक्षक पर छात्रा ने उत्पीड़न का आरोप लगाकर चकेरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। छात्रा के मुताबिक शिक्षक ने पहले उसके समक्ष प्रेम प्रस्ताव रखा। मना करने पर शिक्षक गालीगलाैज करता है। साथ ही अश्लील मैसेज भी भेजता है। चकेरी निवासी स्नातक की छात्रा के मुताबिक तीन साल पहले वह हाईस्कूल में पढ़ती थी, तब डिफेंस कॉलोनी निवासी करण सिंह यादव उसे ट्यूशन पढ़ाने घर आता था।
एक दिन पढ़ाई के दौरान जब घर पर कोई नहीं था तो आरोपी ने प्रेम प्रस्ताव रखा। कहा कि वह प्यार करता है और शादी करना चाहता है। शिक्षक के मुंह से ऐसी बात सुनकर वह घबरा गईं। जब ऑर्डिनेंस फैक्टरी कर्मी पिता शाम को घर लौटे तो उन्हें पूरी बात बताई। इस पर पिता ने करण को पढ़ाने से मना कर दिया। इससे गुस्साए करण ने उन्हें कई बार फोन किया और अश्लील मैसेज किए। इस पर उसका नंबर ब्लॉक कर दिया। बाद में आरोपी अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन कर गालीगलाैज करता है। छात्रा ने अनुसार जब आरोपी के घर जाकर शिकायत की तो उसके घर वालों ने अभद्रता कर मारपीट भी की। थाना प्रभारी संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि छात्रा कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।