पुराने जीटी रोड पर बाजार के पास बुधवार की रात सांड़ ने पैदल जा रहे बुजुर्ग को उठाकर कई बार पटक दिया। कानपुर के एक निजी अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मक्खन सिंह नगर मोहल्ला निवासी हरिशंकर सक्सेना (70) की पुराने जीटी रोड स्थित बाजार में सरसों के तेल की दुकान है। बुधवार की रात वह शिवराजपुर से घर लौट रहे थे। रास्ते में पुराने जीटी रोड पर सांड़ों का जमावड़ा लगा था तभी एक सांड़ ने उन पर हमलाकर दिया।
सांड़ ने उन्हें कई बार उठाकर पटका। इससे सिर, गर्दन, छाती, हाथ-पैरों में गंभीर चोटें आईं। शोरगुल सुनकर आसपास के लोगों ने पहुंचकर सांड़ को भगाया। घायल हरिशंकर को कानपुर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चौकी इंचार्ज हेमेंद्र कुमार ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया है। खेरेश्वर सरैया घाट पर बृहस्पतिवार को उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।