हरबंश मोहाल थाना क्षेत्र के स्टील कारोबारी विनय गुप्ता से साइबर ठगों ने मुनाफे का झांसा देकर 21.37 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कारोबारी विनय गुप्ता ने अपनी शिकायत में बताया कि 31 अक्तूबर 2025 को उनके मोबाइल पर अनुसुइया नाम की एक युवती का मैसेज आया। उसने डेमो के माध्यम से कुछ टास्क कराए और 800 रुपये का भुगतान भी किया गया। इसके बाद 60 टास्क पूरे करने और अधिक मुनाफा कमाने का लालच दिया। एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया जहां अन्य लोगों के भुगतान के स्क्रीनशॉट भेजे जा रहे थे।
विश्वास में आकर अलग-अलग टास्क के नाम पर यूपीआई और आरटीजीएस के माध्यम से कुल 21,37,510 लाख रुपये जमा कर दिए। मुनाफे के पैसे निकालने का प्रयास किया तो उनसे सिक्योरिटी अमाउंट जमा करने के लिए कहा गया। इस पर ठगी का अहसास हुआ। थाना प्रभारी ललित कुमार ने बताया कि अनुसुइया आईडी पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।