ट्रेन के इंतजार में स्टेशन पर मौजूद यात्री
- फोटो : अमर उजाला
गोविंदपुरी स्टेशन पर सोमवार की सुबह से अहमदाबाद, ग्वालियर जाने वाले यात्री जिस स्पेशल ट्रेन का इंतजार कर रहे थे वह करीब चार घंटे देरी से आई और बिना रुके धड़ाधड़ गुजर गई। ट्रेन के न रुकने पर यात्रियों ने जमकर हंगामा किया। रेलवे के अधिकारियों को सूचना भी दी। कुछ लोगों ने रेलमंत्री को ट्विट किया। करीब एक घंटे तक कोई भी सुनवाई न होने पर कुछ यात्रियों ने ट्रैक पर उतर कर नाराजगी जाहिर की। आरपीएफ और रेलवे स्टाफ ने उन्हें समझाया।
बाद में यात्रियों को कनेक्टिंग ट्रेन से भेजा गया। दानापुर अहमदाबाद स्पेशल 09462 को सुबह 8.25 बजे गोविंदपुरी स्टेशन पर आना था, लेकिन यह अपने निर्धारित समय से करीब चार घंटे की देरी से चल रही थी। ट्रांसपोर्टनगर निवासी उमेश कुमार मिश्रा ने बताया कि उन्हें बहन रेखा मिश्रा, बहनोई उमेश के साथ अहमदाबाद जाना था। उनको गोविंदपुरी स्टेशन से ट्रेन पकड़नी थी, लेकिन ट्रेन 12.23 बजे आई और बिना रुके लूप लाइन से आगे के लिए रवाना हो गई। ग्वालियर जा रहे सत्येंद्र सिंह और दीपक शुक्ला का कहना है कि उनके पास रेलवे का कोई मैसेज नहीं आया।
मोबाइल पर ट्रेन की लगातार लोकेशन देख रहे थे। ट्रेन का अगला स्टॉपेज गोविंदपुरी स्टेशन था, जबकि ट्रेन रुकी नहीं। यात्रियों ने स्टेशन के स्टाफ से ट्रेन रुकवाने का आग्रह किया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। इस दौरान प्लेटफार्म नंबर एक से दो ट्रेन पास हुईं। कुछ ने प्रयागराज मंडल और सेंट्रल स्टेशन के अधिकारियों को फोन किया। उन्हें घटना की जानकारी दी। काफी देर तक कोई भी जानकारी न मिलने पर दो तीन यात्री ट्रैक पर उतर गए और नाराजगी जाहिर करने लगे। आरपीएफ जीएमसी थाने की इंस्पेक्टर सुरुचि शर्मा और अन्य स्टाफ ने उन्हें समझाया।
रेलवे की ओर से यात्रियों को मुरी एक्सप्रेस से इटावा भेजा गया। इटावा स्टेशन पर स्पेशल ट्रेन को पहले ही रोका गया था। डिप्टी सीटीएम आशुतोष सिंह ने बताया कि पहले यह ट्रेन कानपुर की जगह गोविंदपुरी स्टेशन होकर जाती थी। पिछले दिनों गोविंदपुरी की बजाय सेंट्रल स्टेशन से होकर जा रही है। अभी रिजर्वेशन में बोर्डिंग गोविंदपुरी से दिखा रहा है, जिसकी वजह से यह दिक्कत आई। मुख्यालय को सूचना भेज दी गई है। यात्रियों को मुरी एक्सप्रेस से इटावा तक भेजा गया है। वहां पर उनको स्पेशल ट्रेन मिल गई है। कंट्रोल को मैसेज कर दिया गया था।