रिश्वत के आरोप में पकड़ा गया दरोगा अजय शर्मा
- फोटो : अमर उजाला
एंटी करप्शन की टीम ने चकेरी थाने के श्यामनगर चौकी के दरोगा अजय शर्मा को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है। उनके खिलाफ वाहन स्वामी ने सड़क हादसे में रिपोर्ट लगाने के नाम पर रुपये मांगने की शिकायत की थी, जिसके बाद एंटी करप्शन की टीम सक्रिय हुई और टाटमिल चौराहे पर जाल बिछाकर दरोगा को दबोच लिया गया। टीम उसे गिरफ्तार कर अपने साथ पूछताछ के लिए लखनऊ ले गई है।
तीन अप्रैल को श्याम नगर पीएसी मोड़ बाईपास पर तेज रफ्तार डंपर ने गोरखपुर के गगहा करवल निवासी शिवकुमार को कुचल दिया था। हादसे के बाद चालक मौके से भाग निकला, जबकि पुलिस ने डंपर को पकड़ कर सीज कर दिया था। शिवकुमार की मौत पर पत्नी रुकमणि ने आरोपी डंपर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। घटना की जांच श्यामनगर चौकी के दरोगा अजय शर्मा कर रहे थे। डंपर मालिक का आरोप है कि दरोगा ने रिपोर्ट लगाने के नाम पर पांच हजार रुपये की मांग करने के साथ ही परिणाम भुगतने की धमकी भी दी थी। उन्होंने इसकी जानकारी एंटी करप्शन की टीम को दे दी।