कानपुर में कलेक्ट्रेट परिसर एक अनोखे दृश्य का साक्षी बना, जब हाईस्कूल पास श्रद्धा ने एक दिन के लिए जिलाधिकारी की कुर्सी संभाली। आत्मविश्वास से भरी बच्ची ने जमीन संबंधित समस्याएं सुनीं, अधिकारियों से संवाद किया और कुछ प्रकरणों पर तत्काल समाधान के निर्देश भी दिए। मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत बेटियों को सशक्त बनाने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से यह पहल की गई।
इसी क्रम में कानपुर नगर प्रशासन द्वारा शहर की हाईस्कूल की मेधावी बालिकाओं में से परितोष इंटर कालेज, नौबस्ता को एक दिन की जिलाधिकारी बनाया गया। सुबह 10 बजे श्रद्धा अपने माता-पिता के साथ कलेक्ट्रेट पहुंची, जहां वास्तविक जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने उनका स्वागत किया और उन्हें डीएम की कुर्सी पर बैठाया। इसके बाद उन्होंने जनसुनवाई कक्ष में पहुंचकर लोगों की शिकायतें सुनीं। बालिका डीएम ने ध्यानपूर्वक शिकायतें सुनी।