कानपुर में नाले, नालियों की सफाई के नाम पर नगर निगम की ओर से सात करोड़ रुपये साफ कर दिए गए, वहीं नालों में अभी भी गंदगी उतरा रही है। इससे गुरुवार को हुई पहली बारिश में ही शास्त्रीनगर, पांडुनगर, गीतानगर, छपेड़ा, आचार्यनगर, आनंदबाग, फजलगंज औद्योगिक क्षेत्र, जाजमऊ, गज्जूपुरवा और जीटी रोड में जरीब चौकी से रावतपुर तक कई जगह पानी भर गया।
नालों से निकली सिल्ट नहीं उठाने से यह सड़कों पर बही, जिससे जगह-जगह कीचड़ हो गया।वीआईपी रोड में डॉट नाला और सड़क धंसने से कार फंस गई। कई जगह पेड़ गिरने से लोगों को दिककतें हुईं। इससे घंटों यातायात प्रभावित रहा। उधर, मुख्य अभियंता एसएफए जैदी ने दावा किया है कि लगभग सभी नाले साफ हो गए हैं, जो बचे हैं, उन्हें जल्द साफ करा दिया जाएगा।
जाजमऊ वीआईपी रोड में जल भराव
- फोटो : amar ujala
जलभराव की जताई थी आशंका
अमर उजाला लगातार अधिकारियों के दावे की पोल खोलते हुए गंदगी से पटे नालों का मामला प्रकाशित कर रहा है। जलभराव की आशंका भी जताई थी, जो गुरुवार को सही साबित हुई। जाजमऊ वीआईपी रोड से चुंगी तक बनाई गई सड़क पर बारिश से पानी भर गया। इसमें सरैंया चौराहे पर डॉट नाला धंसने से फुटपाथ व सड़क भी धंस गई।
रतन लाल नगर में जोरदार बारिश के बीच निकलते वहान
- फोटो : amar ujala
दो घंटे तक यातायात बाधित रहा
इससे करीब 20 फीट लंबा, पांच फीट चौड़ा और 10 फीट गहरा गड्ढा हो गया। फुटपाथ पर खड़ी मेराज की कार गड्ढे में घुस गई। यहीं, पेड़ गिरने से दो घंटे तक यातायात बाधित रहा। रेव थ्री के पास भी पेड़ गिरने से आवागमन प्रभावित हुआ। छह बंगलिया में कमिश्नर बंगले के पास भी सड़क धंस गई, वहां कुछ दिन पहले ही जल निगम ने ट्रंसचेस तकनीकी से पानी की मुख्य पाइपलाइन डाली थी।
देर शाम हुई मूसलाधार बारिश के कारण शास्त्री नगर में हुआ जल भराव
- फोटो : amar ujala
सीएम ग्रिड योजना की सड़कों पर हुआ कीचड़
सीएम ग्रिड योजना के तहत किदवईनगर, कर्रही, नौबस्ता, कल्याणपुर और घंटाघर से ग्रीनपार्क चौराहे तक निर्माणाधीन सड़कों में जहां-तहां खोदाई कर सीवर लाइनें, यूटिलिटी डक्ट बनाए गए हैं। यहां मिट्टी व पानी की वजह से कीचड़ हो गया। इसी तरह जल निगम की तरफ से मुख्य पाइपलाइन बिछने के लिए खोदी गई उस्मानपुर रोड, बर्रा सचान चौराहे से शास्त्रीचौक, विजयनगर, तिलकनगर आदि मोहल्लों में कीचड़ से फिसलन हो गई।
भातू फार्म मोहल्ला स्थित मुख्य मार्ग पर जलभराव के बीच निकलते लोग
- फोटो : amar ujala
जूही खलवा अंडरपास में भरा पानी…यातायात ठप
बारिश से जूही खलवा अंडरपास में पानी भर गया। नगर निगम ने दोनों तरफ बैरियर लगाकर यातायात रोका। नगर निगम के मुख्य अभियंता एसएफए जैदी और जलकल विभाग के महाप्रबंधक भी मौके पर पहुंचे। मुख्य अभियंता ने बताया कि अंडरपास के बगल में स्थित जल निगम के सीवेज पंपिंग स्टेशन से गंदा पानी भर गया है। उसे वहां लगे नगर निगम के संपवेल के पंप चलवाकर निकलवाया जा रहा है। जल निगम से जनरेटर, पंप ठीक कराने को कहा गया है।
जाजमऊ वाजिदपुर मे कूड़े से पटा नाला
- फोटो : amar ujala
पहली बारिश में कुछ मोहल्लों में सड़कों तक पानी जरूर आ गया था, पर कहीं ज्यादा जलभराव नहीं हुआ। सभी अभियंता रात तक सक्रिय रहे। जाजमऊ में डॉट नाला धंसने से सड़क भी धंस गई है। मरम्मत शुरू करा दी गई है। शुक्रवार को निरीक्षण कर नालों की पुलियों की सफाई के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। नाला सफाई जारी रहेगी। -एसएफए जैदी, मुख्य अभियंता, नगर निगम