रायपुरवा में शुक्रवार हो हुए सड़क हादसे में युवक की मौत से नाराज परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर शनिवार को सचेंडी स्थित डिलीवरी कंपनी के बाहर शव रखकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। मूलरूप से कानपुर देहात उमरन गांव निवासी मुनेश यादव का छोटा भाई महेश यादव (30) सचेंडी स्थित डिलीवरी कंपनी में ट्रक चालक था।
विज्ञापन
शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे काम निपटाने के बाद वह बाइक से गांव जा रहा था। तभी रायपुर के पास तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी थी। हादसे में उसकी मौत हो गई। शनिवार दोपहर पोस्टमाॅर्टम के बाद परिजन शव लेकर कंपनी के गेट पर पहुंचे। मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। कंपनी प्रबंधन ने कोई प्रतिक्रिया न दिए जाने पर परिजनों ने मुआवजा न मिलने तक शव न हटाने की बात कही। मृतक के परिवार में पत्नी सीमा के अलावा तीन बच्चे आरुषि, सृष्टि और कृष्णा हैं। हंगामे की सूचना पर फोर्स संग मौके पर पहुंचे एसीपी पनकी शिखर ने परिजनों को समझा बुझाकर प्रबंधन से बात की। कहा कि दोनों पक्षाें से बात की जा रही है।