कानपुर में पूर्वोत्तर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस से पकड़ा गया मो. इब्राहिम एक साल में यूपी सहित 12 राज्यों में घूम-घूमकर म्यांमार से लाकर 200 रोहिंग्या को बसा चुका है। वह मजदूरी दिलाने के नाम पर युवक-युवतियों को देश में लाकर अलग-अलग राज्यों में रुकवाता। ईंट-भट्ठा से लेकर कारखानों में इन्हें काम दिलवाकर प्रबंधन से कमीशन वसूलता था। अब जांच एजेंसियां अलग-अलग राज्यों में बसाए गए रोहिंग्या की तलाश में जुट गई है।
रेलवे सुरक्षा बल कानपुर पोस्ट ने रिपोर्ट बनाकर आईजी को भेजी है। म्यांमार निवासी इब्राहिम ने 2024 में भारत में प्रवेश किया था। उसने पहले पश्चिम बंगाल, बिहार, यूपी, दिल्ली, जम्मू कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, झारखंड, मध्य प्रदेश सहित 12 राज्यों का दौरा किया। इब्राहिम ने जम्मू के नरवाल शरणार्थी कैंप में अपना स्थायी ठिकाना बनाया।