रतनलाल नगर में लूट वाले स्थान का निरीक्षण करने पहुंचे डीसीपी साउथ
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस की मुस्तैदी के दावों की पोल रविवार को पांच लुटेरों ने खोल दी। तीन ने एक ही बाइक पर सवार होकर रतनलालनगर में महिला की चेन लूटी। तीन घंटे तक इलाके की गलियों में ही मंडराते रहे। वहीं, नौबस्ता में बाइक सवार दो लुटेरों ने महिला की चेन लूट ली। लुटेरे किदवईनगर से लेकर बसंतीनगर और रामादेवी चौराहे की ओर घूमते रहे फिर पुलिस इन्हें पकड़ नहीं सकी। दोनों ही वारदातों में लुटेरों की गाड़ियों में नंबर प्लेट नहीं थीं।
रविवार को रतनलालनगर में ज्योति गुप्ता की चेन लूटने वाले लुटेरे इस कदर बेखौफ थे कि उन्होंने न अपना चेहरा छिपाया और वारदात के बाद इलाका भी नहीं छोड़ा। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में तीनों नजर आए। उनकी उम्र 25 से 35 के बीच है। फुटेज में बदमाश रतनलालनगर चौकी क्षेत्र के ही जैना पैलेस, भरत चौराहे वाली सड़क, पेट्रोल पंप के पीछे, बर्रा चार वाले पुल के पास, एचआईजी और एमआईजी की गलियों में तीन घंटे तक बाइक से चक्कर लगाते दिखे हैं। ऐसे में अगर पुलिस वारदात के तुरंत बाद सक्रिय हो जाती तो लुटेरों को पकड़ा जा सकता था।